राजस्थान के जिगर की अनोखी सच्ची कहानी—जहां ईमानदारी की सजा ने उसे बेईमान बनाया, लेकिन जिंदगी के एक मोड़ ने उसे फिर से सच्चाई की राह पर ला खड़ा किया।
साल 1990 की बात है। जून का महीना…और तारीख थी 15। मुंबई की एक छोटी-सी चाय दुकान में काम करने वाला 18 साल का जिगर, पिछले महीने यानी मई की सैलरी का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। सैलरी भी कितनी—बस 600 रुपए।
लेकिन यही उसके लिए पूरी उम्मीद थी, घर की जरूरतें थीं और जीने का सहारा थी।
उस दिन दुकान बंद होने वाली थी। जिगर दिल में खुश था कि आज पैसे मिलेंगे और वह घर थोड़े पैसे भेज पाएगा। लेकिन तभी…सेठ ने उसे बुलाया।
“जिगर, इस बार तेरी पूरी सैलरी काटनी पड़ी। एक भी रुपया नहीं मिलेगा।”
जिगर ने सुना और जैसे उसकी सांसें रुक गईं। कुछ पल तो उसे समझ ही नहीं आया कि यह मज़ाक है या सच।
“क्या…सेठ? पूरी सैलरी?”
उसकी आवाज कांप रही थी। दिल तेज़ धड़क रहा था। आंखे फटी की फटी।
सेठ ने बेपरवाही से कहा—
“हां। पिछले महीने तूने जो हिसाब लगाया था, उसमें कमी निकली है। दुकान का नुकसान हुआ। इसलिए पैसे काट लिए।”
जिगर अवाक रह गया।
वह रोज़ सुबह सबसे पहले दुकान पर आता था, रात को सबसे बाद में जाता था।
जहां सेठ भेजता—चाय पहुंचा आता।
हिसाब किताब भी पूरे ईमान से करता।
फिर गलती कहां हुई?
और अगर हुई भी…तो क्या उसके सारे 600 रुपए काट लेना ठीक था?
उस रात जिगर सो नहीं पाया।
उसका मन बार-बार बस एक ही बात पर अटक जाता—
“मैं मेहनत भी करता हूं, ईमानदारी रखता हूं । फिर सेठ ने ऐसा क्यों किया?”
उसके दिमाग में घर की तस्वीर घूम रही थी—
मां की दवाइयां, छोटी बहन की स्कूल फीस…
वह क्या बताएगा घरवालों को?
कैसे समझाएगा कि पूरे महीने की मेहनत का एक भी पैसा नहीं मिला?
जिगर की आंखों में आंसू तैर आए।
उसे पहली बार लगा कि शायद…
ईमानदारी का कोई मूल्य नहीं।
और बेईमानी ही दुनिया की असली ताकत है।
आगे जो जिगर के साथ हुआ…
उसे सुनकर आपका भी ईमानदारी से भरोसा डगमगा जाएगा, और आप सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि—
क्या सच में ईमानदारी हमेशा फायदेमंद होती है?
राजस्थान के डूंगरपुर का रहने वाला जिगर आज करीब 50 साल का है। इस समय मुंबई से सटे नालासोपारा में उसकी खुद की चाय की दुकान है। लेकिन उसकी इस सफलता के पीछे छिपा है एक दर्द, एक अनुभव—जो उसने अपने बचपन में झेला था।
जिगर बताता है कि जब वह 18 साल की उम्र में मुंबई आया था, तब वह एक सेठ की चाय दुकान पर काम करता था। उसके शब्दों में— “सेठ अगर मुझे पाँच कप चाय कहीं देने भेजता था और रास्ते में एक चाय नहीं बिकती थी, तो मैं लौटकर सच-सच बता देता था। चार चाय के पैसे दे देता था और एक अनबिकी चाय को अपनी डायरी में लिख लेता था। सेठ भी इसे अपनी डायरी में नोट कर लेता था। मैं हमेशा साफ-साफ हिसाब रखता था।”
जिगर उसी ईमानदारी के साथ कई महीनों तक काम करता रहा। लेकिन वह दिन उसे आज भी ताज़ा याद है—जिस दिन उसकी पूरी सैलरी काट ली गई।
जिगर ने हिम्मत करके सेठ से पूछा—
“सेठ, मेरी पूरी सैलरी क्यों काटी? मैं तो सारा हिसाब सही रखता हूं।”
सेठ का जवाब सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
“जिगर, जब भी मैं पाँच चाय देता हूं, तुम चार का हिसाब देते हो। एक चाय का हिसाब तो देते ही नहीं। जितनी तुम्हारी सैलरी है, उतनी चाय के पैसे पूरे महीने तुमने दिए ही नहीं। इसलिए सैलरी काट ली।”
जिगर ने सफाई दी—
“सेठ, जो चाय नहीं बिकती है, उसका मैं आपको रोज बताता हूँ। आप भी अपनी डायरी में लिखते हो और मैं भी। आप डायरी देख लो।”
लेकिन सेठ ने डायरी खोलकर देखने की ज़रूरत ही नहीं समझी। उसका मन पहले से तय था।
जिगर यह समझ गया कि ईमानदारी साबित करने के लिए सबूत नहीं, सेठ की मर्जी चाहिए।
● फिर जिगर ने रास्ता बदला…
इसके बाद जिगर ने चुपचाप अपना तरीका बदल दिया।
अब सेठ पाँच कप चाय देता—
तो जिगर पांचों चाय ग्राहकों को बेच देता, पैसे अपनी जेब में रख लेता। वापस लौटते समय पांचों खाली कपों में पानी भरकर ले आता और सेठ को कहता—
“सेठ, आज एक भी चाय नहीं बिकी। लोगों ने कहा कि चाय अच्छी नहीं बनी।”
कुछ देर बाद वह पानी फेंक देता, कप धोकर रख देता।
और मज़े की बात—
अब सेठ ने कभी उसकी सैलरी नहीं काटी। बल्कि उस पर पहले से ज्यादा भरोसा करने लगा।
दुकान में आठ–दस लोग काम करते थे, लेकिन सेठ को सबसे ज्यादा भरोसा अब उसी जिगर पर था।
जो कभी सबसे ज्यादा ईमानदार था, और अब सबसे बड़ा बेईमान बन चुका था।
जिगर का नया तरीका भले गलत था, लेकिन सेठ को लगने लगा कि दुकान में सबसे भरोसेमंद कर्मचारी वही है।धीरे-धीरे सेठ का भरोसा जिगर पर और भी मजबूत होता गया। और एक दिन सेठ ने यह भरोसा खुलकर साबित भी कर दिया।
● लंबे समय के लिए सेठ को बाहर जाना था
एक बार की बात है—सेठ को किसी जरूरी काम से कई दिनों के लिए शहर से बाहर जाना पड़ा। दुकान की देखभाल करने के लिए उसे किसी भरोसेमंद व्यक्ति की जरूरत थी।
उसने सबसे पहले जिगर को ही बुलाया।
सेठ बोला—
“जिगर, मुझे कुछ समय के लिए बाहर जाना है। दुकान संभाल लेगा?”
जिगर ने तुरंत हाँ तो कहा, लेकिन अपनी एक शर्त भी रख दी।
जिगर बोला—
“सेठ, मैं दुकान संभाल लूंगा… लेकिन मैं आपको हर महीने सिर्फ 20 हजार रुपये ही दूंगा।”
यह बात सोचने लायक थी,
क्योंकि उस समय दुकान की मासिक कमाई करीब 40 हजार रुपये थी।
लेकिन सेठ ने बिना किसी झिझक के जिगर की शर्त मान ली।
उसे पूरा विश्वास था कि जिगर उसके भरोसे को कभी तोड़ेगा नहीं।
यही वह दौर था जब कुछ समय तक जिगर ने सेठ की पूरी चाय दुकान अकेले संभाली।
● समय बदला, काम बदला—पर भरोसा नहीं बदला
आज जिगर नालासोपारा में अपनी खुद की चाय की दुकान चलाता है। वहीं उसका पुराना सेठ अब चाय दुकान छोड़कर होटल का धंधा करने लगा है।
लेकिन दिलचस्प बात यह है कि—
सालों बीत जाने के बाद भी सेठ का भरोसा जिगर पर जस का तस बना हुआ है।
हाल ही में जब दोनों की मुलाकात हुई तो सेठ ने मुस्कुराते हुए कहा—
“जिगर, जब भी तुम चाहो… मेरा होटल संभाल सकते हो।”
जिंदगी अजीब है।
कभी ईमानदार जिगर को बेईमानी का सहारा लेना पड़ा—
और वही बेईमान जिगर, सेठ की नज़रों में आज भी सबसे ईमानदार और भरोसेमंद इंसान है।
समय किसी का इंतज़ार नहीं करता।
वो सबको बदलते हुए आगे बढ़ जाता है—और वही समय जिगर के अंदर भी एक दिन कुछ बदलकर चला गया।
जिगर की चाय की दुकान अब चल पड़ी थी। ग्राहक उसे पसंद करते थे। कुछ उसे बड़े प्यार से “जिगर भैया” कहकर बुलाते थे।
एक दिन एक छोटा बच्चा चाय लेने आया। भूख से उसकी हालत खराब थी। चाय के पैसे भी पूरे नहीं थे। जिगर ने बिना सोचे चाय उसे दे दी और दुकान के बाहर बैठाकर पूछ लिया—
“बेटा, पैसे कम हैं तो चिंता मत कर, पहले चाय पी लो।”
बच्चे की आँखों में चमक आ गई।
वह बोला—
“अगर आप जैसे लोग न हों तो हम गरीब लोग जियेंगे कैसे?”
उस मासूम बच्चे की बात जिगर के दिल में ऐसे उतरी कि वह कई मिनट तक खोया रहा।
उसे अपना अतीत याद आ गया—
उसकी ईमानदारी की सजा,
उसकी बेईमानी की जीत,
और सेठ का अंधा भरोसा।
उसने सोचा—
“मैं पैसे तो कमा लूंगा…
पर क्या मैं खुद को कभी माफ कर पाऊंगा?”
उसी शाम जिगर ने अपने पुराने सेठ को फोन किया। सेठ ने मुस्कुराकर कहा—
“जिगर, तुम हमेशा मेरे अच्छे लड़के रहे हो। आज भी रहोगे।”
बस, यही एक वाक्य जिगर के दिल में तूफान की तरह टकराया।
● जिगर ने उसी दिन फैसला कर लिया—
अब वो ईमानदारी नहीं छोड़ेगा।
न किसी के साथ धोखा करेगा,
न खुद से।
उसने अपनी दुकान पर एक छोटा सा बोर्ड लगा दिया—
“कमाएंगे थोड़ा, पर कमाएंगे साफ-साफ।”
धीरे-धीरे उसकी दुकान चल निकली।
लोग उसके स्वाद की नहीं,
उसके सच्चे दिल की वजह से आने लगे।
जिगर कहता है—
“बेईमानी से पैसा जरूर मिलता है, पर सुकून नहीं।
मैंने सुकून चुना।”
और बस…
यही वह मोड़ था जिसने जिगर को फिर से ईमानदार चायवाला बना दिया—
वह ईमानदारी जिसे कभी दुनिया ने तोड़ा था,
आज वही उसकी पहचान बन गई।
खैनी (कहानी) II Khaini (Kahani, Story)
